
स्थान : पिथौरागढ़
ब्यूरो रिपोर्ट

सीमांत क्षेत्र गर्ब्यांग स्थित SSB कैंप में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते कैंप के एक बैरक को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह बुखारी फटना बताई जा रही है। बुखारी में हुए हादसे के बाद आग तेजी से फैली और बैरक तक पहुंच गई।


आग इतनी भीषण थी कि इसकी ऊंची लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जिसमें कैंप से उठती तेज लपटें नजर आ रही हैं।


घटना के बाद कैंप में मौजूद जवानों और संबंधित टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाने के प्रयास किए।


CO 11 SSB ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग बुखारी फटने के बाद लगी थी। अधिकारियों के अनुसार समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। साथ ही किसी पशु के हताहत होने की भी सूचना नहीं है।




आग की चपेट में एक बैरक आने से वहां रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। संबंधित टीमें मौके पर नजर बनाए हुए हैं।

