लोहाघाट में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक गंभीर घायल

लोहाघाट में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक गंभीर घायल

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद तीनों घायलों को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टर नरेंद्र और डॉक्टर मानसी ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना में घायल शेखर निवासी ककराली गेट, टनकपुर, निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में जेई के पद पर तैनात बताए गए हैं। उन्हें गंभीर चोटें आने के बाद चंपावत जिला चिकित्सालय से हल्द्वानी रेफर किया गया है।

हादसे में घायल अन्य दो युवकों की पहचान मयंक निवासी कलीगांव और हिमांशु निवासी ट्रेजरी लोहाघाट क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों को भी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर किया गया।

हादसा इतना भीषण था कि दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

सूचना मिलने पर चीता पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं अस्पताल में उपचार के दौरान वार्ड बॉय दीपक बिष्ट, भास्कर गरकोटी, संदीप वर्मा और नर्सिंग अधिकारी बबीता समेत स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों के इलाज में सहयोग किया।