

स्थान :लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत अपने दो दिवसीय दौरे के तहत सोमवार को चंपावत जिले के लोहाघाट पहुंचे। लोहाघाट आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।



पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर में जनसंपर्क करते हुए जनता से मुलाकात की और 1857 की क्रांति के वीर नायक कालू सिंह मेहरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत डाक बंगला लोहाघाट में एक बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पूरन कठायत ने की। बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने और आगामी पंचायत और 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी का आह्वान किया गया।


हरीश रावत ने क्षेत्रीय सांस्कृतिक धरोहर काली कुमाऊं की खड़ी होली को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने रामलीला कमेटी अध्यक्ष जीवन मेहता सहित विभिन्न गांवों के होलियारों को सम्मानित किया। रावत खुद भी ढोल वादन में शामिल हुए और महिलाओं के साथ झोड़ा गायन का आनंद लिया।



इसके बाद उन्होंने कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के होटल ‘देवलोक इन’ का उद्घाटन किया और सुई गांव का दौरा कर वहां की प्रसिद्ध होली की प्रशंसा की तथा बुजुर्ग होलियारों को सम्मानित किया।

इस दौरे में उनके साथ पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह महरा, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भगीरथ भट्ट, शैलेंद्र राय सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


