


रिपोर्ट :सतपाल धानिया

स्थान -विकासनगर

राजधानी देहरादून से सटे विकासनगर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीपुर चांदचक इलाके से सामने आया है, जहां चकराता रोड पर सोमवार को फिल्मी स्टाइल में चार कारों और एक दुपहिया वाहन के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस वक्त हुई जब एक तेज़ रफ्तार कार ने नियंत्रण खोते हुए विपरीत दिशा की ओर मुड़ने की कोशिश की, जिससे सामने से आ रहे वाहनों से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कारों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।


हादसे में कई महिला और पुरुषों को चोटें आई हैं, वहीं एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। गाड़ियों के एयरबैग खुलने से कुछ लोगों की जान बच गई, जिससे हादसे की गंभीरता के बावजूद एक बड़ा नुकसान टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि चकराता रोड पर तेज़ रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।



