बंद पड़ी पेपर मिल में चोरी कर रहे बदमाशों ने की पुलिस पर फायरिंग, पांच बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार।

बंद पड़ी पेपर मिल में चोरी कर रहे बदमाशों ने की पुलिस पर फायरिंग, पांच बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार।

रिपोर्ट – राजू सहगल।
लोकेशन- किच्छा।

उधम सिंह नगर जिले की पुलभट्टा थाना पुलिस की टीम ने चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे पांच बदमाशों को अवैध हथियारों एवं लाखों के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना अंतर्गत सितारगंज रोड पर करीब 8 वर्षों से बंद पड़ी फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी की मिलीभगत से लाखों रुपए का सरिया चोरी किया जा रहा था।

फैक्ट्री में चोरी की सूचना पर जब थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्म रक्षा में जवाबी फायरिंग की और पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बंद फैक्ट्री की घेराबंदी करते हुए 5 बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लोहा काटने वाली कटर मशीन, गैस सिलेंडर तथा ट्रक में भरे लाखों के चोरी किए गए

सरिए को बरामद कर लिया। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि कंपनी मालिक चिराग अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल की पेपर मिल को पीएनबी बैंक ने लोन अदायगी न करने के चलते 8 वर्ष पूर्व कुर्क कर लिया था। फैक्ट्री पर बैंक का करीब 40 करोड का बकाया चल रहा था। पुलिस के अनुसार कंपनी मालिक चिराग अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल के कहने पर ही बदमाशों द्वारा लोहा चोरी किया जा रहा था। पकड़े गए बदमाशों के अनुसार कंपनी से अब तक करीब 4 करोड रुपए का लोहा चोरी किया जा चुका है। एसएसपी ने पुलिस टीम का उत्साह वर्धन करते हुए पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।