किच्छा पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, चोरी की दो बाइक एवं छीने गए दो मोबाइल बरामद।

किच्छा पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, चोरी की दो बाइक एवं छीने गए दो मोबाइल बरामद।

रिपोर्ट – राजू सहगल।
स्थान – किच्छा।

उधम सिंह नगर जिले की किच्छा कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। किच्छा पुलिस ने रुद्रपुर एवं किच्छा से चुराई गई दो मोटर साइकिल सहित लूटे गए दो मोबाइल बरामद कर लिए । पुलिस ने पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। किच्छा पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए घेराबंदी कर दो बाइक पर सवार चार आरोपियों को काली मंदिर के निकट पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटर साइकिल एवं झपट्टा मारकर छीने गए दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने एक मोटर साइकिल पर ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित किया हुआ था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने किच्छा कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों द्वारा पुलिस की पकड़ से बचने के लिए चोरी की मोटर साइकिल से मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चार आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।