137वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में शुक्रवार से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज

137वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में शुक्रवार से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

137वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में शुक्रवार से सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का विधिवत आगाज होगा। महोत्सव के दौरान लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, उत्तराखंडी व्यंजन, ऐपण और लोक परिधानों से जुड़े कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।

मां नंदा-सुनंदा सेवा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव के सांस्कृतिक संयोजक विमल सती ने बताया कि 18 सितंबर से प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो जाएगी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक झोड़ा प्रतियोगिता होगी, जिसका आयोजन 22 सितंबर को किया जाएगा।

18 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अंतरविद्यालयी चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से मेहंदी प्रतियोगिता होगी। शाम सात बजे से स्थानीय बाल कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

19 सितंबर को प्रातः मां नंदा-सुनंदा की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। पूर्वाह्न 11 बजे से प्राइमरी और जूनियर वर्ग की अंतरविद्यालयी समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर दो बजे से महिलाओं की छपेली नृत्य प्रतियोगिता होगी।

19 सितंबर के कार्यक्रम में एसएसबी के पूर्व सहायक सेनानायक दीप पांडे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय महिलाओं में प्रतियोगिताओं को लेकर खासा उत्साह है।

20 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से सीनियर वर्ग की अंतरविद्यालयी लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके साथ ही शकुनाखर प्रतियोगिता भी होगी। अपराह्न दो बजे से महिलाओं की विवाह गीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें पारंपरिक कुमाऊंनी विवाह गीतों की प्रस्तुति होगी।

21 सितंबर को प्रातः 11 बजे से ऐपण प्रतियोगिता रखी गई है। दोपहर एक बजे से उत्तराखंडी व्यंजन प्रतियोगिता होगी, जिसमें स्थानीय पारंपरिक पकवानों की झलक देखने को मिलेगी। अपराह्न दो बजे से बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

22 सितंबर को दोपहर एक बजे से उत्तराखंडी परिधान प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद अपराह्न दो बजे से महोत्सव की प्रमुख पारंपरिक झोड़ा प्रतियोगिता शुरू होगी। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती मुख्य अतिथि रहेंगी।

22 सितंबर की सांध्यकालीन सांस्कृतिक संध्या में पूर्व विधायक करन माहरा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आयोजकों के अनुसार सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत करेंगे।