लोहाघाट में दो सप्ताह बाद वन विभाग के शिकंजे में आया गुलदार, गलचौड़ा में ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा

लोहाघाट में दो सप्ताह बाद वन विभाग के शिकंजे में आया गुलदार, गलचौड़ा में ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में गुलदार के आतंक से परेशान ग्रामीणों को करीब दो सप्ताह बाद बड़ी राहत मिली है। बीते 4 नवंबर को सुई डूंगरी गांव में 13 वर्षीय छात्र हर्षित पुजारी की गुलदार के हमले में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सुई क्षेत्र के गलचौड़ा के पास एक गुलदार को ट्रेंकुलाइज गन की मदद से बेहोश कर सुरक्षित पकड़ लिया। हालांकि, पकड़ा गया गुलदार छात्र पर हमला करने वाला ही है या नहीं, इसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को लोहाघाट के सुई डूंगरी गांव में गुलदार के हमले में 13 वर्षीय छात्र हर्षित पुजारी की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया था। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से घबरा रहे थे, जबकि शाम ढलते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता था। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार और प्रभागीय वनाधिकारी ढीनो पुरुषोत्तम ने वन विभाग के अधिकारियों को गुलदार को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसके बाद वन विभाग के एसडीओ सुनील कुमार और लोहाघाट रेंजर रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में व्यापक अभियान शुरू किया गया। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में छह पिंजरे और 20 कैमरा ट्रैप लगाए गए। इसके साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही थी।

एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि घटना के बाद से वन विभाग की 15 सदस्यीय टीम प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। गुलदार को पकड़ने के लिए दो ट्रेंकुलाइज टीमों को तैनात किया गया था। एक टीम का नेतृत्व नैनीताल से आए विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांगती कर रहे थे, जबकि दूसरी टीम का नेतृत्व वन दरोगा अजयदीप टम्टा के पास था। दोनों टीमें लगातार गुलदार की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

लोहाघाट रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सुई क्षेत्र के गलचौड़ा के पास वन विभाग की टीम को गुलदार दिखाई दिया। इसके बाद टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए ट्रेंकुलाइज गन से गुलदार को बेहोश कर दिया। बेहोश होने के बाद गुलदार को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।

विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांगती ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार एक वयस्क नर है। उन्होंने कहा कि यह गुलदार उस स्थान के काफी नजदीक मिला है, जहां 4 नवंबर को छात्र हर्षित पुजारी पर हमला हुआ था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि घटना में इसी गुलदार की भूमिका रही हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी अंतिम पुष्टि देहरादून स्थित फोरेंसिक प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

गुलदार के पकड़े जाने के बाद सुई डूंगरी और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी अन्य गुलदारों की मौजूदगी देखी जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी और ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगाए गए पिंजरों को फिलहाल न हटाया जाए। इसके साथ ही नियमित गश्त जारी रखी जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

जिला पंचायत सदस्य सुनीता जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि योगेश ओली, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोनू ओली, प्रतिनिधि हिमांशु ओली सहित ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने में सफलता मिलने पर वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि गुलदार के पकड़े जाने से क्षेत्र में भय का माहौल कुछ कम हुआ है, लेकिन अन्य गुलदारों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग से शेष संदिग्ध गुलदारों की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

गुलदार को पकड़ने वाले अभियान में रेंजर रमेश चंद्र जोशी, विशेषज्ञ पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांगती, वन दरोगा अजयदीप टम्टा, वन बीट अधिकारी रोहित मेहता, हिमांशु ढेक, वन श्रमिक अनीश, भुवन सिंह, मोहन जोशी और संतोष सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। करीब दो सप्ताह तक चले अभियान के बाद वन विभाग को सफलता मिली है। फिलहाल पकड़े गए गुलदार की पहचान को लेकर फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी जारी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।