
स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

खेल मंत्री रेखा आर्या ने लोहाघाट, चंपावत पहुंचकर स्पोर्ट्स कॉलेज और स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने छात्राओं की समस्याएं भी सुनीं। छात्राओं ने अपनी कुछ परेशानियों और आवश्यकताओं को मंत्री के सामने रखा, जिस पर उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। छात्राओं की ओर से खेल और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए गए।



छात्राओं को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ प्रयास करना चाहिए। बिना लक्ष्य के सफलता की राह कठिन हो जाती है।

उन्होंने कहा कि पहले कई अभिभावक बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने को लेकर संकोच करते थे, लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदली हैं। वर्तमान में शिक्षा के साथ खेल का महत्व भी लगातार बढ़ा है और खेलों में भी युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।



खेल मंत्री ने छात्राओं से कहा कि वे पढ़ाई के साथ अपने खेल पर भी पूरा ध्यान दें। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में अनुशासन और मेहनत से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
रेखा आर्या ने कॉलेज के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि छात्राओं को देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे छात्राएं वहां की दिनचर्या, प्रशिक्षण व्यवस्था और खेल गतिविधियों को समझ सकेंगी तथा उन्हें नए अनुभव प्राप्त होंगे।




इस अवसर पर खेल मंत्री ने स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राओं के आवागमन के लिए उपलब्ध कराई गई बस का लोकार्पण भी किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया और कहा कि इससे छात्राओं को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

खेल मंत्री ने कहा कि बस सुविधा शुरू होने से छात्राओं का समय बचेगा और उन्हें सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
रेखा आर्या ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगोली, प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, बॉक्सिंग कोच रजवंत कौर, बैडमिंटन कोच साक्षी राणा, एथलेटिक्स कोच कमला, कंप्यूटर ऑपरेटर मनीषा सहित अधिकारी, कर्मचारी और स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

