

रिपोर्टर -मनोज कश्यप

स्थान -हरिद्वार

धर्मनगरी हरिद्वार में शहर कोतवाली के देवपुरा स्थित पुराने भाजपा ऑफिस के सामने हथियारबंद बदमाशों ने शहर के व्यापारी के मकान में घुसकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया. हालांकि परिवार की महिलाओं और राहगीरों की सक्रियता के चलते बदमाश केवल महिला की चेन लूट कर फरार हो गए.


पीड़िता कृष्णा अग्रवाल ने बताया कि हम लोग रात को खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे. इतने में बहू को शक हुआ कि कोई घर में घुस गया है. जिसके बाद बहू ने बोला कि मम्मी जरा देखना कोई घर में घुसा है. मैं उठकर देखने गई, तो मुझे उन लोगों ने पकड़ लिया. मेरी चेन छीन ली गई. मैंने जोर से शोर मचाना शुरू किया तो मेरे पति भी आ गए. इतने में अफरा-तफरी देख वह मेरी चेन छीन कर भाग गए. वो चार से पांच लोग थे।


एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हरिद्वार के देवपुरा पास के पास स्थित एक घर में बदमाशों द्वारा लूट का प्रयास किया गया. लेकिन बदमाश इसमें सफल नहीं हो पाए. बदमाश सिर्फ एक चेन लूट कर भाग गए. फिलहाल पुलिस मौके पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है.

परिवार वालों से बदमाशों का हुलिया भी पूछा जा रहा है ।देर रात हुई लूट की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर खुद एसएसपी हरिद्वार पहुंचे और पूरी जानकारी ली. एसएसपी अजय सिंह ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली. इसके बाद अपने अधीनस्थ अधिकारियों को बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है


