
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी द्वारा नैनीताल जिले के लिए नियुक्त जिला प्रवासी प्रभारी एवं दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंदर सिंह नेगी के प्रथम आगमन पर भाजपा संभाग कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित परिचयात्मक बैठक में जिले के सभी 25 मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। बैठक में नैनीताल जिले की संगठनात्मक संरचना, बूथ स्तर तक पार्टी के कार्यक्रमों के संचालन तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।





भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने नव नियुक्त जिला प्रवासी प्रभारी का स्वागत करते हुए कहा कि जिले के सभी मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक मंडल और बूथ पर संगठन की सक्रियता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को केंद्र में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।


जिला प्रवासी प्रभारी एवं विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि वह भी सामान्य पृष्ठभूमि से संगठन में कार्य करते हुए इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने स्वयं को कार्यकर्ताओं का सहयोगी बताते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
रविंदर सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम चरण में जिले के विधानसभा क्षेत्रों में परिचयात्मक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सभी 25 मंडलों में पहुंचकर मंडल स्तरीय बैठकों में प्रतिभाग करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।



उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता और आपसी समन्वय महत्वपूर्ण रहेगा।

इस अवसर पर प्रदेश सह कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, युवा मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री अरमान जोत बरार, दिनेश खुल्वे, दर्जा राज्य मंत्री हरीश पांडे, शांति मेहरा, मोहन पाठक, शोएब अहमद, जिला महामंत्री रंजन बर्गली एवं विनीत अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, आनंद सिंह दर्मवाल, दीपेंद्र कोश्यारी, प्रतिभा जोशी, गणेश रावत, प्रगति जैन एवं प्रताप बोरा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

