
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत चमोली जनपद से अन्य जिलों में स्थानांतरित हुए चार पुलिस अधिकारियों के सम्मान में पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान निरीक्षक राकेश भट्ट, निरीक्षक चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण एवं उपनिरीक्षक नवनीत भण्डारी को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यों एवं योगदान की सराहना की गई।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि स्थानांतरण पुलिस सेवा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपनी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता और व्यवहार से अलग पहचान बनाता है। उन्होंने चारों अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे नवीन तैनाती स्थल पर भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।





निरीक्षक राकेश भट्ट वर्ष 2022 से चमोली जनपद में तैनात थे। उन्होंने डीसीआरबी प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्योतिर्मठ एवं कर्णप्रयाग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। ज्योतिर्मठ में तैनाती के दौरान उन्हें पुलिस महानिदेशक द्वारा सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया गया था। उनका स्थानांतरण हरिद्वार जनपद में हुआ है।


निरीक्षक चित्रगुप्त वर्ष 2025 से चमोली जनपद में तैनात थे। उन्होंने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर एवं थाना गोविन्दघाट के प्रभारी निरीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं और यात्रा के सकुशल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका स्थानांतरण पौड़ी गढ़वाल जनपद में किया गया है।



उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण जून 2022 से चमोली में तैनात थे। उन्होंने बदरीनाथ, गोविन्दघाट, गैरसैंण, गौचर, पीपलकोटी एवं आदिबदरी सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। बदरीनाथ धाम और हेमकुण्ड साहिब यात्रा के साथ ही गौचर मेले एवं पीपलकोटी बण्ड मेले के शांतिपूर्ण संचालन में उनका विशेष योगदान रहा। उनका स्थानांतरण देहरादून जनपद में हुआ है।

उपनिरीक्षक नवनीत भण्डारी ने वर्ष 2022 से चमोली में थानाध्यक्ष बदरीनाथ, थानाध्यक्ष कोतवाली गोपेश्वर, एसओजी प्रभारी एवं चुनाव सेल प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट विवेचना के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय तथा वन्यजीव तस्करी की रोकथाम के लिए वन मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया गया। बदरीनाथ क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की डीएनए परीक्षण के माध्यम से शिनाख्त कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका स्थानांतरण देहरादून जनपद में हुआ है।




विदाई समारोह के दौरान चारों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव और सहकर्मियों के साथ बिताए यादगार पलों को साझा किया। उन्होंने कहा कि चमोली जैसे सीमांत एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जनपद में सेवाएं देना उनके लिए यादगार अनुभव रहा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहकर्मियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चारों अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। चमोली पुलिस परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

