
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़कों के सुधारीकरण, जल निकासी व्यवस्था, यातायात संकेतकों और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) सहित सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को अपने अधीन मार्गों के सुधारीकरण एवं नियमित रखरखाव के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।




डीएम ने कहा कि सड़कों के सुधारीकरण के साथ सड़क किनारे बनी नालियों की नियमित सफाई भी सुनिश्चित की जाए। नालियों में जमा मिट्टी और मलबे को हटाकर जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि बरसात के दौरान सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।


जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक स्थानों पर यातायात संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को मोड़ और मार्ग की स्थिति की जानकारी समय पर उपलब्ध होने से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलेगी।


बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से यातायात नियमों एवं सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण है।



पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले व्यक्तियों से प्रत्येक यात्रा के दौरान हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि कम दूरी की यात्रा में भी चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों हेलमेट का इस्तेमाल अवश्य करें।


बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय, मार्गों के नियमित रखरखाव तथा जनजागरूकता पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

