मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार, संचालक गिरफ्तार

मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार, संचालक गिरफ्तार

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की तस्करी करने वाले एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल और आठ प्रतिबंधित ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के मुताबिक 25 और 26 नवंबर की मध्यरात्रि को सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ग्राम भंगेड़ी जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भंगेड़ी की ओर से आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर वापस भागने लगा।

संदिग्ध की गतिविधियों को देखकर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के डिब्बे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल (स्पास्मोविल प्लस) और दो एमएल के आठ ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान नदीम खान पुत्र रियासत, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी ग्राम भंगेड़ी, रुड़की के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी गांव में शिफा मेडिकल स्टोर का संचालन करता है।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। इस खुलासे से नशीली दवाओं की अवैध आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है।

बरामद कैप्सूल और इंजेक्शनों के संबंध में पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने आरोपी नदीम खान के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 580/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में कार्रवाई की है। बरामद नशीली दवाओं और इंजेक्शनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नशीली दवाओं की तस्करी का मामला सामने आने से दवाओं की अवैध बिक्री और आपूर्ति पर निगरानी की आवश्यकता बढ़ गई है। वहीं, जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।