
स्थान : श्रीनगर गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोबगड़ में चल रहे रॉक ट्रीटमेंट कार्य के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच श्रीनगर से अगस्त्यमुनि जा रही एक बारात घंटों जाम में फंस गई। निर्धारित समय पर विवाह स्थल नहीं पहुंच पाने से नाराज भाजपा नेता एवं दूल्हे रमेश मन्द्रवाल ने शासन-प्रशासन की यातायात व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

खिर्सू ब्लॉक के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश मन्द्रवाल की बारात श्रीनगर से रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि के लिए रवाना हुई थी। बारात को सुबह करीब 11 बजे अपने गंतव्य पर पहुंचना था, लेकिन सिरोबगड़ में पहाड़ी के ट्रीटमेंट के चलते यातायात बाधित होने से विवाह कार्यक्रम प्रभावित हो गया।





पहाड़ी के ट्रीटमेंट कार्य के लिए बार-बार यातायात रोके जाने के कारण बारातियों के वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद रास्ता नहीं खुलने पर दूल्हे रमेश मन्द्रवाल का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मौके पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की।

रमेश मन्द्रवाल ने सरकार और शासन-प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि 24, 25 और 26 नवंबर को शादी-विवाह के कार्यक्रम हैं। इसके बावजूद सुबह से ही यातायात बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



उन्होंने कहा कि उन्हें सुबह 11 बजे विवाह स्थल पर पहुंचना था, लेकिन जाम के चलते शाम पांच बजे तक भी पहुंचने की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। उन्होंने जाम में फंसे बीमार लोगों और दूरदराज से आने वाले यात्रियों की परेशानियों का मुद्दा भी उठाया।

भाजपा नेता ने निर्माण कार्य में जुटी कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन से संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने और किसी ऐसी कंपनी को कार्य सौंपने की मांग की, जो व्यवस्थित तरीके से निर्माण कार्य करते हुए यातायात का संचालन सुनिश्चित कर सके।



रमेश मन्द्रवाल ने कहा कि शादी-विवाह के सीजन में प्रशासन को यातायात संचालन के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। मांगलिक कार्यक्रमों का समय पहले से निर्धारित होता है। ऐसे में घंटों तक वाहनों को रोकने से लोगों के जरूरी कार्यक्रम प्रभावित होते हैं।

गौरतलब है कि सिरोबगड़ क्षेत्र में पहाड़ी से संभावित खतरे को देखते हुए रॉक ट्रीटमेंट का कार्य किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से यह कार्य महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण कार्य के साथ यातायात का सुचारु संचालन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना भी प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
वहीं, जाम में फंसे दूल्हे रमेश मन्द्रवाल की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सिरोबगड़ में यातायात प्रबंधन और निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। मामले में प्रशासन और संबंधित निर्माण कंपनी का पक्ष सामने आना बाकी है।

