
स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 78 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से शासन ने धनराशि की स्वीकृति का शासनादेश जारी कर दिया है।
मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों एवं किसानों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बरसात के दिनों में मार्ग की खराब स्थिति के चलते ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती थीं।





क्षेत्र के ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मुलाकात कर मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए शासन से 1 करोड़ 78 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो चुका है।


उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मोटर मार्ग पर सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ एवं भीमताल विकासखंडों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है।



मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया। सड़क की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

