वार्ड 12 की जनसमस्याओं को लेकर हेमंत साहू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

वार्ड 12 की जनसमस्याओं को लेकर हेमंत साहू ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

राजेन्द्र नगर वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रतिनिधि एवं युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

हेमंत साहू ने बताया कि राजेन्द्र नगर वार्ड की कई गलियों में अब तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को जल्द सीवर लाइन बिछाने के निर्देश देने की मांग की।

उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से वार्ड में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग भी रखी।

साहू ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए क्षेत्र में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग की। इससे महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिल सकेगी।

ज्ञापन में सरकारी स्कूल के मैदान में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने जल निकासी की उचित व्यवस्था कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

इसके अलावा साहू ने सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सुविधा के लिए शौचालयों का निर्माण कराने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास पर भी ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। इन समस्याओं के समाधान से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

हेमंत साहू ने जिलाधिकारी से ज्ञापन में उठाई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा प्राथमिकता के आधार पर जनसमस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया।