
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय एवं स्विट्जरलैंड स्थित स्विस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (एफएफएचएस) के मध्य शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग, ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान तथा संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रकोष्ठ द्वारा अंतरराष्ट्रीय अतिथि प्राध्यापक फेलोशिप कार्यक्रम के अंतर्गत ‘पाठ्यक्रम निर्माण एवं शिक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का समावेश’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुआ। कार्यक्रम का समन्वयन जितेंद्र पांडे ने किया। एफएफएचएस के प्रो. तोबियास हैबरलिन एवं अन्जा बूरों ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।





स्वागत संबोधन में प्रो. पीडी पंत ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों को सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा। उन्होंने पाठ्यक्रम विकास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए आधुनिक तकनीकों को शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता बताई।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने स्विट्जरलैंड में टैगोर चेयर फेलोशिप के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में हो रहे तकनीकी परिवर्तनों के अनुरूप शिक्षण एवं अधिगम की प्रक्रियाओं को विकसित करना आवश्यक है। विश्वविद्यालयों में तकनीकी नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।



कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी एवं कुलसचिव ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े प्रो. तोबियास हैबरलिन ने कहा कि इस समझौते से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विशाल विद्यार्थी वर्ग को लाभ मिलेगा। वहीं, अन्जा बूरों ने शोध एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के विस्तार में समझौते को महत्वपूर्ण बताया।

संगोष्ठी की मुख्य वक्ता एवं विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. लुसिने मक्र्त्च्यान ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पाठ्यक्रम निर्माण पर विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने एआई साक्षरता, मानव-नेतृत्व वाले एआई सहयोग, एआई आधारित मॉड्यूल एवं पाठ्यक्रम विकास की जानकारी दी। साथ ही भारत और स्विट्जरलैंड में साइबर सुरक्षा की बढ़ती मांग तथा नॉलेज ग्राफ्स की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।



डॉ. मक्र्त्च्यान ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। इसके माध्यम से शिक्षण को अधिक संवादपरक, विद्यार्थी केंद्रित एवं आवश्यकता आधारित बनाया जा सकता है। हालांकि, इसके उपयोग में शैक्षणिक नैतिकता, मानवीय विवेक और अकादमिक गुणवत्ता को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने उत्तराखंड भ्रमण और विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह के अनुभव भी साझा किए।


संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने प्रतिभाग करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शैक्षणिक उपयोग, डिजिटल शिक्षण संसाधनों के विकास तथा भविष्य की शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचारों की भूमिका पर विचार-विमर्श किया। यह आयोजन उच्च शिक्षा में आधुनिक तकनीकों के समावेश, शोध गतिविधियों के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहभागिता को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

