

ख़बरों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें – 9634912113, 8057536955



रिपोर्ट -राजू सहगल

स्थान – किच्छा

उधम सिंह नगर ज़िले के किच्छा में युवाओं ने नुमाइश मेला लगाए जाने का विरोध किया और जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और साथ ही उन्होंने किच्छा के एकमात्र इंदिरा गाँधी खेल मैदान में नुमाइश मेला लगाए जाने का विरोध करते हुए उप जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। नगर पालिका सभासद शोभित शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने धरना प्रदर्शन किया और कहा कि नगर के एकमात्र खेल मैदान में सैकड़ों लोग सुबह टहलने आते हैं तथा उनके द्वारा योग अभ्यास किया जाता है।


सभासद शर्मा का कहना है कि नगर के एकमात्र खेल मैदान में युवाओं द्वारा समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाता है तथा नुमाइश मेला लगाए जाने के बाद स्थानीय जनता को टहलने तथा खेल प्रेमियों को खेलने के लिए स्थान नहीं मिलेगा। युवाओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि नुमाइश मेले की आड़ में अराजक तत्वों द्वारा कुकृत्य किए जाते हैं, जिससे आपराधिक घटनाओं में इजाफा भी होता है।

खेल मैदान में प्रदर्शन के बाद तमाम युवा एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम कार्यालय में युवाओं ने उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा को ज्ञापन सौंपते हुए नुमाइश मेला लगाए जाने का विरोध किया।



