
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


भारत स्काउट एवं गाइड जनपद संस्था चंपावत के ब्लॉक लोहाघाट की ओर से नगर क्षेत्र में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व ब्लॉक सचिव स्काउट-गाइड दिनेश चंद्र जोशी ने किया।


जागरूकता रैली जीजीआईसी लोहाघाट से शुरू होकर नगर के गांधी चौक तक पहुंची। इसके बाद रैली वापस जीजीआईसी परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रास्तेभर स्काउट्स और गाइड्स ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक किया।



रैली में स्काउट-गाइड ने नशा मुक्ति, स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पॉलीथिन उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश दिए। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों का ध्यान सामाजिक सरोकारों की ओर आकर्षित किया।



कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ करीब 60 स्काउट्स और गाइड्स ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के नारों और स्लोगनों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।


रैली का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा। स्काउट-गाइड ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए इससे दूरी बनाए रखने का संदेश दिया।

इस दौरान मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बढ़ती लत से भी दूर रहने की अपील की गई। विद्यार्थियों को मोबाइल पर अत्यधिक समय बिताने के बजाय पुस्तकों से जुड़ने और अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।



आयोजकों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों से जुड़ें तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।


जागरूकता रैली के सफल आयोजन में पुलिस विभाग का भी विशेष सहयोग रहा। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हुए रैली को सुरक्षित रूप से निकालने में सहयोग किया। आयोजकों ने पुलिस विभाग के सहयोग की सराहना की।

