
स्थान : द्वाराहाट
ब्यूरो रिपोर्ट


विकासखंड क्षेत्र में बीती रात हुई तेज बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्राम पंचायत ऐराड़ी में भी बारिश ने एक बुजुर्ग महिला की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।


ग्राम पंचायत ऐराड़ी निवासी बुजुर्ग खिमुली देवी के सामने रहने के लिए सुरक्षित आशियाने का संकट खड़ा हो गया है। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है और उनके पास आय का भी कोई स्थायी साधन नहीं है।



ग्राम प्रधान लछम सिंह ने बुजुर्ग महिला की स्थिति को देखते हुए सरकार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने खिमुली देवी के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि उन्हें दूसरों के मकान में शरण न लेनी पड़े।



बताया गया कि खिमुली देवी का एक बेटा दिल्ली में रहता है, लेकिन बुजुर्ग मां को उससे किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। ऐसे में खिमुली देवी अकेले ही अपने जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना कर रही हैं।


बुजुर्ग महिला के पास कमाई का कोई साधन नहीं होने से वह अपना मकान बनवाने या क्षतिग्रस्त आशियाने की मरम्मत कराने की स्थिति में भी नहीं हैं। फिलहाल वह मजबूरी में किसी अन्य व्यक्ति के मकान में शरण लेकर रह रही हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता आशुतोष शाही भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग महिला की स्थिति का जायजा लिया और अपनी ओर से आर्थिक सहायता के रूप में एक धनराशि ग्राम प्रधान को प्रदान की।



स्थानीय लोगों का कहना है कि बुजुर्ग महिला को जल्द से जल्द सरकारी स्तर पर आवासीय सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। बारिश के मौसम में सुरक्षित मकान नहीं होने के कारण उनकी परेशानी और अधिक बढ़ सकती है।


ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने प्रशासन, सरकार तथा जनप्रतिनिधियों से खिमुली देवी की स्थिति का संज्ञान लेते हुए उन्हें आवास उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बुजुर्ग महिला को सुरक्षित छत मिल सके और वह सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत कर सकें।

