
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी नरेंद्र मोहन सिंह माहरा उर्फ निर्मल माहरा जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।


लोहाघाट निवासी निर्मल माहरा वर्तमान में भाजपा के प्रदेश मंत्री हैं। पार्टी ने उन्हें जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। निर्वाचन में उनके सामने कोई अन्य प्रत्याशी नहीं होने से उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया।



अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र लोहाघाट और बाराकोट पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने निर्मल माहरा का जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने आतिशबाजी की और फूल मालाएं पहनाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।



निर्मल माहरा ने अपने निर्वाचन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी हाईकमान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर देती है और उनका चयन इसका उदाहरण है।


उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके स्वर्गीय पिता का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहा है। माहरा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों के हितों की रक्षा करना और जिला सहकारी बैंक को मजबूत बनाना होगी। उन्होंने बैंक के विकास के साथ किसानों और समिति सदस्यों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य करने की बात कही।



निर्मल माहरा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम प्रधान के रूप में की थी। इसके बाद वह क्षेत्र पंचायत का चुनाव जीतकर बाराकोट ब्लॉक के प्रमुख बने। पार्टी संगठन में सक्रियता और निष्ठा को देखते हुए भाजपा ने उन्हें चंपावत जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी। वर्तमान में वह भाजपा प्रदेश मंत्री के पद पर कार्यरत हैं।


निर्मल माहरा के जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ का अध्यक्ष बनने पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, गोविंद सिंह बोहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

