
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। हल्द्वानी में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मिशन 2027 को लेकर व्यापक मंथन किया जा रहा है।


बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और प्रदेश पदाधिकारी शामिल हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी ने इस बैठक को राजनीतिक रूप से बेहद अहम बना दिया है।



हल्द्वानी के होटल विंटेज ग्रीन में आयोजित बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार करने के साथ संगठनात्मक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है।


बैठक के दौरान भाजपा विधायकों के कामकाज और उनके विधानसभा क्षेत्रों में जमीनी स्थिति की समीक्षा भी की जा रही है। संगठन की ओर से मिले फीडबैक के आधार पर विधायकों की सक्रियता और जनता के बीच पकड़ का आकलन किया जा रहा है।



राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से सीधा संवाद कर संगठन की स्थिति की जानकारी भी ले रहे हैं। चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
भाजपा नेतृत्व सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच प्रभावी तरीके से पहुंचाने की रणनीति पर भी काम कर रहा है। इसके लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भूमिका को और मजबूत करने की तैयारी है।



हल्द्वानी प्रवास के दौरान नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों से भी विशेष मुलाकात की। इस दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी अपेक्षाओं पर संवाद किया गया।

भाजपा की कोशिश मिशन 2027 से पहले युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पहुंच को और मजबूत करने की है। पार्टी संगठन आगामी चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय मोड में दिखाई दे रहा है।
हल्द्वानी में संगठनात्मक कार्यक्रमों के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का अगला पड़ाव रुद्रपुर होगा। यहां भी पार्टी के कार्यक्रमों और नेताओं के साथ बैठक के जरिए आगामी चुनावी रणनीति को धार दी जाएगी।

