
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेस नेता मनोज धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सोमवार को प्रस्तावित देहरादून कूच को लेकर रणनीति तैयार की गई।


बैठक में रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए काफिले के संचालन और समन्वय की रूपरेखा तैयार की गई।




कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने दावा किया कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से करीब 60 से 70 गाड़ियों का काफिला मुख्यमंत्री आवास घेराव में शामिल होने के लिए देहरादून रवाना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।


धनगर ने कहा कि कांग्रेस कई मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ कथित एफआईआर, हल्द्वानी घटनाक्रम, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दे बताते हुए सरकार को घेरने की बात कही।



बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को देहरादून तक पहुंचाने और काफिले को व्यवस्थित तरीके से रवाना करने के लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई। कैलाश प्रधान, सत्यपाल और गिरीश कश्यप समेत अन्य कार्यकर्ताओं को काफिले के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मनोज धनगर ने प्रदेश सरकार पर जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है, जबकि कांग्रेस लगातार इन समस्याओं को सरकार के सामने उठा रही है।




उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। धनगर ने आरोप लगाया कि विभिन्न घटनाओं को लेकर जनता में नाराजगी है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां दी गई हैं।
मनोज धनगर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास घेराव कांग्रेस के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में सामने आएगा। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क तेज करने और अधिक से अधिक लोगों को देहरादून कूच में शामिल करने का आह्वान किया।

