चकलुवा में विहिप स्थापना दिवस पर विशाल जनसभा, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

चकलुवा में विहिप स्थापना दिवस पर विशाल जनसभा, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

जन्माष्टमी के शुभ अवसर और विश्व हिंदू परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर कालाढूंगी क्षेत्र के चकलुवा स्थित रामलीला मैदान में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से विशाल जनसभा एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कासगंज, उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय कवयित्री समीक्षा सिंह शामिल हुईं। विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र प्रमुख यशपाल सिंह, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, राज्यमंत्री सुरेश भट्ट और समीक्षा सिंह सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए क्षेत्र के किन्नर समाज के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी मंच से सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जनसभा के बाद चकलुवा रामलीला मैदान से 13वीं शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा में पांच हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। धार्मिक जयघोष और उत्साह के बीच निकली शोभायात्रा को देखने के लिए मार्ग के विभिन्न स्थानों पर भी लोग मौजूद रहे।

शोभायात्रा चकलुवा रामलीला मैदान से निकलकर कालाढूंगी बाजार पहुंची और इसके बाद विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से होते हुए वापस चकलुवा मैदान पहुंची। यहां भंडारे के आयोजन के साथ शोभायात्रा का समापन किया गया। आयोजन के दौरान पुलिस-प्रशासन भी सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवयित्री समीक्षा सिंह ने अपने संबोधन में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और नई पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जातिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट रहने की आवश्यकता है और बच्चों को अपनी संस्कृति तथा धर्म से जुड़ी शिक्षा दी जानी चाहिए।

समीक्षा सिंह ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की अपनी बात रखते हुए कहा कि इसकी शुरुआत प्रत्येक परिवार को अपने घर से करनी होगी। उन्होंने महिलाओं और युवतियों से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सावधानी के साथ उपयोग करने की अपील भी की।

उन्होंने मंच से उपस्थित लोगों से हिंदू धर्म और समाज के हितों को लेकर जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि देश या समाज को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के प्रति लोगों को सतर्क रहना चाहिए और सामाजिक एकता बनाए रखनी चाहिए।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। विशाल जनसभा, सम्मान समारोह, शोभायात्रा और भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।