जिला पंचायत अध्यक्ष ने गांवों का किया दौरा, विकास कार्यों के लिए लाखों की घोषणाएं

जिला पंचायत अध्यक्ष ने गांवों का किया दौरा, विकास कार्यों के लिए लाखों की घोषणाएं

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने अपनी टीम के साथ जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कई मामलों में तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

दौरे की शुरुआत महउवट गांव से हुई, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्राम प्रधान अनीता और ग्रामीणों से मुलाकात कर गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की जरूरतों के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

इसके बाद अजय मौर्या सिसैया मेला घाट पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद छोटी बगुलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।

बड़ी बगुलिया पंचायत घर एवं जूनियर हाई स्कूल में ग्राम प्रधान पप्पू और उनके सहयोगियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के सामने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। बैठक में झाउपरसा की पुलिया के निर्माण, बदहाल सड़कों तथा 22 पुल से झाउपरसा तक सड़क निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र लंबे समय से विकास की दृष्टि से पिछड़ा हुआ है। सड़क और पुलिया की खराब स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की।

इस दौरान उन्होंने बड़ी बगुलिया ग्राम में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह राशि पांच दिन के भीतर आवंटित कर दी जाएगी। इसके साथ ही ग्रामीणों के लिए 25 सोलर लाइट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी क्षमता के अनुसार क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और विकास कार्यों में धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।

वहीं बगुलिया ग्राम के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि यह राशि अगले 15 दिनों के भीतर ग्राम प्रधान पप्पू के खाते में भेज दी जाएगी। दौरे के दौरान मनोज वाधवा, मनोज शाही, रेखा सोनकर, बीटीसी प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।