बद्रीनाथ धाम में भक्तिभाव से मनाई जा रही जन्माष्टमी, अर्धरात्रि में होगा कान्हा का जन्मोत्सव

बद्रीनाथ धाम में भक्तिभाव से मनाई जा रही जन्माष्टमी, अर्धरात्रि में होगा कान्हा का जन्मोत्सव

स्थान : बद्रीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

बद्रीनाथ धाम  में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह है। बद्रीनाथ -केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्री बद्रीनाथ मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

जन्माष्टमी के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की उपस्थिति में बद्रीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठी रवीन्द्र भट्ट की ओर से धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई जाएगी।

रात्रि में अर्धरात्रि के समय भगवान कृष्ण का प्रतीकात्मक जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान विशेष आरती और पूजा-अर्चना की जाएगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। भगवान कृष्ण को प्रतीकात्मक रूप से पालने में विराजमान कराने के लिए मंदिर परिसर में विशेष झूला भी लगाया गया है।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि बद्रीनाथ धाम में जन्माष्टमी का पर्व विशेष धार्मिक महत्व रखता है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे तीर्थयात्री भगवान बदरीनाथ के दर्शन करने के साथ ही जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों में भी भाग ले रहे हैं।

जन्माष्टमी पर्व को लेकर मंदिर के गर्भगृह और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की विशेष पूजा और भोग की व्यवस्था की गई है। अर्धरात्रि में भगवान कृष्ण के जन्म के समय मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय होने की उम्मीद है।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही बद्रीनाथ धाम पहुंच गए थे। मंदिर समिति की ओर से पर्व के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बदरीश पंडा पंचायत बद्रीनाथ की ओर से शनिवार, 5 सितंबर को जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं की चहल-पहल और धार्मिक गतिविधियों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, संदीप कप्रवाण, योगंबर नेगी सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।