ऑरेंज अलर्ट के बीच भी ऑल वेदर रोड पर सुचारू यातायात, मलबा गिरने की समस्या पर लगा विराम

ऑरेंज अलर्ट के बीच भी ऑल वेदर रोड पर सुचारू यातायात, मलबा गिरने की समस्या पर लगा विराम

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 यानी ऑल वेदर रोड पर मानसून के दौरान पत्थर और मलबा गिरने से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं पर इस बार काफी हद तक विराम लगा है। लगातार तीन दिनों से क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट और प्रतिकूल मौसम के बावजूद मार्ग पर दिन और रात दोनों समय वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।

मानसून के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण मलबा और बोल्डर आने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होता रहा है। पूर्व के वर्षों में आपदा की स्थिति में सुरक्षा को देखते हुए कई बार रात्रिकालीन यातायात को नियंत्रित या प्रतिबंधित करना पड़ता था। इस बार सुरक्षा और सुधार कार्यों के चलते ऐसी स्थिति सामने नहीं आई है।

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने बताया कि वर्षाकाल को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है। इन कार्यों की गुणवत्ता और प्रभावी रखरखाव के कारण बारिश के बीच भी मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि ऑरेंज अलर्ट और लगातार हो रही बारिश के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की निर्बाध आवाजाही बनी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मार्ग पर सुरक्षा और सफाई का कार्य लगातार जारी है। बारिश के कारण यदि कहीं मलबा या छोटे-बड़े बोल्डर सड़क पर आते हैं तो उन्हें तत्काल हटाया जा रहा है, जिससे यातायात बाधित न हो और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन के अनुसार, सड़क के संवेदनशील हिस्सों में किए गए सुरक्षात्मक और सुधार कार्यों से मानसून के दौरान मार्ग की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। खासतौर पर उन स्थानों पर सुरक्षा उपाय मजबूत किए गए हैं, जहां पूर्व में पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं यातायात के लिए परेशानी का कारण बनती थीं।

लगातार बारिश और खराब मौसम के बीच भी मार्ग पर रात्रिकालीन यातायात के संचालन से यात्रियों को राहत मिली है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, उत्कृष्ट निर्माण गुणवत्ता, नियमित रखरखाव और लगातार निगरानी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर इस मानसून में यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर बनी हुई है। सुरक्षा और मार्ग सफाई के कार्य निरंतर जारी रखते हुए यात्रियों के लिए दिन-रात निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।