आपदा से भीमताल विधानसभा में भारी नुकसान, मंत्री कैड़ा ने सीएम धामी से मांगी राहत राशि

आपदा से भीमताल विधानसभा में भारी नुकसान, मंत्री कैड़ा ने सीएम धामी से मांगी राहत राशि

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भारी बारिश से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में हुए नुकसान को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान की जानकारी देते हुए प्रभावित लोगों को तत्काल राहत देने की मांग की।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि लगातार हुई भारी वर्षा के कारण कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई घरों के आगे और पीछे भूस्खलन होने से भवनों पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने और नुकसान का उचित आकलन कराने की आवश्यकता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि आपदा के कारण क्षेत्र में कई पेयजल और विद्युत लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं, नदियों के तेज बहाव और कटाव के कारण कई किसानों की कृषि भूमि बह गई है। इससे ग्रामीणों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

मंत्री कैड़ा के अनुसार भीमताल विधानसभा क्षेत्र में कई मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़कें टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही पेयजल और विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी।

उन्होंने भीमताल के खुटानी नाले का भी मामला उठाया। मंत्री ने बताया कि भारी बारिश के दौरान खुटानी नाले का पानी और मलबा भीमताल बाजार की कई दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्रभावित लोगों को उचित सहायता देने की मांग की।

कैड़ा ने बताया कि भारी बारिश और आपदा के कारण भीमताल क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु भी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने और अन्य प्रभावित परिवारों को भी राहत देने का आग्रह किया।

मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का व्यापक आकलन कराने की मांग की। साथ ही प्रभावितों को मुआवजा देने और क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों तथा विद्युत व्यवस्था की मरम्मत के लिए आपदा मद से तत्काल धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाना बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार प्रभावित क्षेत्रों के लिए जल्द आवश्यक धनराशि जारी कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति देगी, जिससे ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।