
स्थान : रानीखेत
रेप्पोर्टर : संजय जोशी


गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और मरीजों की सुविधाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष सात प्रमुख मांगें उठाई हैं। इस संबंध में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत को पत्र भेजकर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। कार्यक्रम युवा विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत के नेतृत्व में किया गया।


युवा कांग्रेस ने कहा कि रानीखेत चिकित्सालय में चिकित्सकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या पहले से ही सीमित है। रानीखेत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर है। ऐसे में अस्पताल के चिकित्सकों को आपदा एवं सरकारी शिविरों में भेजे जाने से नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।



युवा कांग्रेस ने पूर्व विधायक करन माहरा की ओर से उपलब्ध कराई गई हाईटेक एंबुलेंस में पिछले चार वर्षों से टेक्निशियन की नियुक्ति नहीं होने का मुद्दा उठाया। संगठन ने मांग की कि एंबुलेंस में तत्काल आवश्यक टेक्निशियन की नियुक्ति की जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को इसका पूरा लाभ मिल सके। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों को अस्पताल से बाहर कैंपों में भेजने के बजाय आपातकालीन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने की मांग की गई।

मरीजों की लंबी कतारों को देखते हुए अस्पताल में पर्ची काउंटरों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की गई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए अल्ट्रासाउंड की पर्ची के लिए अलग काउंटर स्थापित करने की मांग रखी गई, जिससे उन्हें सामान्य मरीजों के साथ लंबी कतार में खड़े होकर परेशानी न उठानी पड़े।



युवा कांग्रेस ने अस्पताल में लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रही डायलिसिस मशीन को तत्काल सुचारू कराने और नेफ्रोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति की मांग की। संगठन का कहना है कि डायलिसिस की सुविधा सुचारू होने से क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अस्पताल में संचालित पुरानी 108 एंबुलेंसों की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए। युवा कांग्रेस ने कहा कि कई वर्षों से चल रही एंबुलेंस अब उपयोग के लिहाज से उपयुक्त स्थिति में नहीं हैं। इनके स्थान पर नई 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही रिक्त पद पर रेडियोलॉजिस्ट की जल्द नियुक्ति करने की मांग उठाई गई, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल सके।




युवा कांग्रेस ने कहा कि गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय रानीखेत और आसपास के पर्वतीय ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां चिकित्सकों, विशेषज्ञों, चिकित्सा उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था किया जाना जनहित में जरूरी है। संगठन ने प्रशासन से सभी मांगों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने की मांग की।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं या जनहित से जुड़ी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत व संजय बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष अजय रावत, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, ललित नेगी, अभिनव माहरा, भावेश पंत, विधानसभा कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार और मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

