लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग को लेकर सीएम आवास पहुंचीं ज्योति रौतेला, देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग को लेकर सीएम आवास पहुंचीं ज्योति रौतेला, देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

स्थान : देहरादून
ब्योरो रिपोर्ट

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग को लेकर कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने देर रात मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन करते हुए सरकार से छात्रों की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में पिछले करीब चार वर्षों से कई छात्रों के परीक्षा परिणाम लंबित हैं। समय पर परीक्षाएं और परिणाम जारी नहीं होने के कारण विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र लगातार प्रभावित हो रहा है।

छात्रों के मुताबिक परीक्षा परिणाम में देरी के चलते उनका शैक्षणिक सत्र करीब छह से आठ महीने तक पीछे चल रहा है। इसका सीधा असर उनकी इंटर्नशिप और आगे की पढ़ाई पर पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि परिणाम समय पर नहीं मिलने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्र लंबे समय से परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों के सामने समस्या रखे जाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

इससे पहले अगस्त 2026 में भी हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में बीएएमएस छात्रों ने बड़ा प्रदर्शन किया था। उस दौरान छात्रों ने लंबित परीक्षा परिणाम और अन्य शैक्षणिक समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय गंभीर हो गई थी, जब कुछ छात्र कॉलेज परिसर में बनी ऊंची पानी की टंकी पर भी चढ़ गए थे। छात्रों ने उस समय भी जल्द से जल्द परीक्षा परिणाम जारी करने और शैक्षणिक सत्र को पटरी पर लाने की मांग उठाई थी।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आयुर्वेद विश्वविद्यालय के लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल जारी कराने और छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

मुख्यमंत्री आवास के बाहर देर रात हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने ज्योति रौतेला समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन और गिरफ्तारी के बाद आयुर्वेद विश्वविद्यालय के छात्रों के लंबित परीक्षा परिणाम का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक रूप से गरमा गया है।