हेमकुंड साहिब के दर्शन कर ऋषिकेश लौटे 70 सिख श्रद्धालु, सिंह सभा ने किया स्वागत

हेमकुंड साहिब के दर्शन कर ऋषिकेश लौटे 70 सिख श्रद्धालु, सिंह सभा ने किया स्वागत

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

श्री हेमकुंड साहिब जी के दर्शन कर देर रात ऋषिकेश लौटे नागपुर के चंद्रपुर से आए करीब 70 सिख श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा सिंह सभा कमेटी की सेवा और सहयोग के लिए आभार जताया। पर्वतीय क्षेत्र में यात्रा के दौरान एक वाहन खराब होने के बाद श्रद्धालुओं को ऋषिकेश स्थित सिंह सभा गुरुद्वारे में ठहरने और भोजन प्रसाद की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।

रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में हेमकुंड साहिब से लौटे संगत का कमेटी की ओर से फूलों से स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के पहुंचने पर गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों और सेवादारों ने उनका स्वागत करते हुए यात्रा का हाल जाना।

नागपुर के चंद्रपुर निवासी श्रद्धालु चमकौर सिंह बसरा ने बताया कि उनका जत्था 24 अगस्त को नागपुर से उत्तराखंड के लिए रवाना हुआ था। जत्थे ने पहले पोंटा साहिब जी के दर्शन किए और इसके बाद श्री हेमकुंड साहिब जी के दर्शन के लिए रवाना हुआ।

उन्होंने बताया कि हेमकुंड साहिब के दर्शन करने के बाद वापस लौटते समय रास्ते में उनके जत्थे का एक वाहन खराब हो गया। वाहन खराब होने की जानकारी ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा कमेटी को मिली, जिसके बाद कमेटी की ओर से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई।

चमकौर सिंह बसरा ने बताया कि सिंह सभा कमेटी के सहयोग से पूरे जत्थे को ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारे तक पहुंचाया गया। यहां श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा कमेटी की ओर से जिस तरह आदर-सत्कार और सेवा की गई, उससे पूरा जत्था अभिभूत है।

गुरुद्वारा सिंह सभा के सेवादार परमजीत सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के जत्थे में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी के ठहरने और भोजन प्रसाद की व्यवस्था गुरुद्वारा सिंह सभा कमेटी की ओर से की गई। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना गुरुद्वारा कमेटी का दायित्व है।

परमजीत सिंह ने बताया कि इन दिनों पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के साथ कई स्थानों पर भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने सुरक्षित रूप से श्री हेमकुंड साहिब जी के दर्शन किए और वापस ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील भी की।

ऋषिकेश पहुंचने पर श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा से धार्मिक सद्भाव और सेवा की भावना भी देखने को मिली। जत्थे के सदस्यों ने गुरुद्वारा सिंह सभा कमेटी और सेवादारों का धन्यवाद किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा के दौरान मिली यह सहायता उनके लिए हमेशा यादगार रहेगी।