
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


वरिष्ठ पत्रकार संजय श्रीवास्तव को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘उत्तराखंड सशक्तिकरण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। दिल्ली स्थित होटल हयात में आईटीवी नेटवर्क की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सैकड़ों पत्रकारों की मौजूदगी में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया।


समारोह में आईटीवी नेटवर्क के फाउंडर और सांसद कार्तिकेय शर्मा तथा चेयरमैन ऐश्वर्य पंडित शर्मा ने संजय श्रीवास्तव को सम्मानित किया। यह पुरस्कार आईटीवी ग्रुप के समाचार चैनल इंडिया न्यूज और न्यूज एक्स समेत आठ समाचार चैनलों में कार्यरत पत्रकारों के बीच प्रबंधन मंडल द्वारा चयन के आधार पर दिया गया।


सम्मान मिलने के बाद वरिष्ठ पत्रकार संजय श्रीवास्तव ने इसे अपने लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि चयनित पत्रकारों की सूची में अपना नाम होना उनके लिए सम्मान की बात है और वह इस पुरस्कार को उत्तराखंड में इंडिया न्यूज की पूरी टीम को समर्पित करते हैं।

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी उपलब्धि के पीछे पूरी टीम की मेहनत होती है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम के सहयोग के बिना यह सम्मान संभव नहीं था। उन्होंने अपने साथियों और टीम के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


बताया गया कि आईटीवी नेटवर्क की ओर से हर वर्ष देशभर में कार्यरत पत्रकारों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी दिल्ली में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईटीवी नेटवर्क के फाउंडर और सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि किसी खबर को केवल समाचार के तौर पर प्रकाशित या प्रसारित करना ही मीडिया की जिम्मेदारी नहीं है। मीडिया को खबर की गंभीरता को समझते हुए उसे समस्या के समाधान का माध्यम बनाने की दिशा में भी काम करना चाहिए।


उन्होंने कहा कि सामान्य या रूटीन खबरों में औपचारिकता पूरी की जा सकती है, लेकिन पत्रकारिता की वास्तविक भूमिका तब सामने आती है जब मीडिया आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाए और उनके समाधान के लिए भी प्रयास करे। उन्होंने कहा कि आईटीवी नेटवर्क के पत्रकार इसी दिशा में काम कर रहे हैं।

कार्तिकेय शर्मा ने आईटीवी मीडिया ग्रुप के 20 वर्ष के सफर के लिए सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में मेहनत और ईमानदारी ही एक पत्रकार को उसके उद्देश्य और मुकाम तक पहुंचाती है। पत्रकार के सामने आने वाली चुनौतियों में जो व्यक्ति खरा उतरता है, वही सफल पत्रकार कहलाता है।
समारोह में देशभर से आए पत्रकारों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही। संजय श्रीवास्तव को मिले इस सम्मान को उत्तराखंड की पत्रकारिता के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने पुरस्कार को अपनी पूरी टीम को समर्पित करते हुए पत्रकारिता में जनसरोकारों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

