धारकीतुनी में टीन शेड की दीवार ढही, मलबे में दबकर दो नेपाली युवकों की मौत

धारकीतुनी में टीन शेड की दीवार ढही, मलबे में दबकर दो नेपाली युवकों की मौत

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर के धारकीतुनी मोहल्ले में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां टीन शेड की दीवार अचानक ढह गई और उसके नीचे सो रहे दो नेपाली युवक मलबे में दब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसा देर रात उस समय हुआ, जब दोनों युवक टीन शेड के नीचे सो रहे थे। अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई और दोनों युवक मलबे में दब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंशुल सिंह और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया।

राहत और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर दोनों युवकों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की उम्र करीब 30 और 35 वर्ष बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से दोनों युवकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके।

हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि टीन शेड की दीवार किन परिस्थितियों में अचानक ढही और क्या निर्माण में किसी तरह की कमी थी।

धारकीतुनी में हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। दो युवकों की जान चले जाने से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। प्रशासन की ओर से मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।