देहरादून में बरसाती बहाव में बही क्रेटा कार, दो की मौत; एक युवती घायल

देहरादून में बरसाती बहाव में बही क्रेटा कार, दो की मौत; एक युवती घायल

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

थाना प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने से एक क्रेटा कार बह गई। हादसा लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार संख्या RJ 13 CE 5641 देर रात कंडोली पुल के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज बारिश के कारण बरसाती बहाव अचानक बढ़ गया और कार उसकी चपेट में आकर बह गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा और तेज बहाव होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने रातभर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में बरामद किया गया। एसडीआरएफ टीम ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।

इसके बाद टीम ने नदी और बरसाती बहाव वाले क्षेत्र में सर्चिंग जारी रखी। अभियान के दौरान युवक अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर का शव बरामद किया गया।

सर्च अभियान के दौरान एक अन्य युवती का शव भी बरामद हुआ। दोनों शवों को एसडीआरएफ टीम ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की ओर से शवों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक टीमें भी मौके पर सक्रिय रहीं। घटना की परिस्थितियों और कार के बहने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में देर रात तेज बारिश के कारण बरसाती नालों और जलधाराओं का बहाव अचानक बढ़ गया था। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने आम लोगों से विशेष रूप से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। बरसाती बहाव अचानक बढ़ सकता है और ऐसे स्थानों पर जाना जानलेवा साबित हो सकता है।