स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


हल्द्वानी में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के कथित बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव सिराज अहमद के नेतृत्व में कोतवाली हल्द्वानी पहुंचकर विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी।


तहरीर में सिराज अहमद ने आरोप लगाया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर विधायक शिव अरोड़ा का एक वीडियो देखा, जिसमें कथित तौर पर मुस्लिम समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। उन्होंने पुलिस से वीडियो की जांच कर मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में विधायक ने मुस्लिम समाज को कथित तौर पर ‘कठमुल्ला’ जैसे अपमानजनक शब्द से संबोधित किया। इसके अलावा मदरसों को कथित तौर पर ‘आतंकवाद का अड्डा’ बताए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि वीडियो में मुस्लिम समाज को कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा गया कि “सुधर जाओ, वरना वह हाल होगा कि सात पुश्तें याद रखेंगी।” भीम आर्मी ने इन कथित टिप्पणियों को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की कथित बयानबाजी से क्षेत्र का सांप्रदायिक माहौल प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की पुष्टि करने की मांग की है।

तहरीर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 299, 302, 351(2) और 353 का उल्लेख करते हुए इन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।



भीम आर्मी की ओर से पुलिस से विधायक शिव अरोड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही तहरीर में कहा गया है कि यदि कथित बयान के कारण क्षेत्र में कोई सांप्रदायिक घटना होती है तो इसके लिए विधायक को जिम्मेदार माना जाना चाहिए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई नहीं की जाती है तो भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस दौरान नफीस अहमद खान, सखावत हुसैन, जीतराम, आसिफ अली खान, सुरेश चंदेरी, महेश चंद्र, दीपक चानियल, आरपी गंगोला, आकाश भारती, पंकज अंबेडकर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब तहरीर पर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

