स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को लेकर राजनीतिक दलों से सुझाव लिए और प्रक्रिया में सामने आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी प्राप्त की।


बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जनपद में कुल 98,529 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 78,867 नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण का कार्य बेहद महत्वपूर्ण है और इसमें सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।


उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपादित किया जाना चाहिए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।

जिलाधिकारी ने बीएलओ और राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बीएलए के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष आपसी सहयोग के साथ पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से पूरा करें, जिससे दावों और आपत्तियों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित हो सके।


उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर पुनरीक्षण कार्य की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित दावों, आपत्तियों और नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।




जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के दौरान आने वाली समस्याओं का संबंधित स्तर पर समाधान करते हुए कार्य की गति बनाए रखी जाए।

