फेक AI वीडियो के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

फेक AI वीडियो के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कथित रूप से AI के माध्यम से फेक वीडियो बनाकर दुष्प्रचार किए जाने के विरोध में लालकुआं नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भ्रामक सामग्री प्रसारित कर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि AI तकनीक का इस्तेमाल कर तैयार किए गए फेक वीडियो को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचारित-प्रसारित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इसका उद्देश्य कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की छवि को धूमिल करना और समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करना है।

कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा कि हल्द्वानी कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने के बाद से भाजपा सरकार कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए लगातार दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि फेक AI वीडियो के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह के दुष्प्रचार का पुरजोर विरोध करेंगे। दुर्गापाल ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए तकनीक का दुरुपयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है और इससे समाज में आपसी सौहार्द प्रभावित हो सकता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि AI जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल सकारात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति की छवि खराब करने या समाज में भ्रम फैलाने के लिए। उन्होंने भ्रामक और फर्जी सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने की मांग की।

दुर्गापाल ने कहा कि जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और वह ऐसे दुष्प्रचार का जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस को बदनाम करने के लिए लगातार नए हथकंडे अपना रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कथित फेक वीडियो और दुष्प्रचार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए फर्जी एवं भ्रामक सामग्री के प्रसार पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के मामलों के खिलाफ कांग्रेस आगे भी आवाज उठाती रहेगी।