
स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर के अम्बेडकर नगर में आयोजित पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का गुरुवार को भव्य शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन हो गया। “गणपति बप्पा मोरया, अगली बरस तू जल्दी आना” के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

गुरुवार दोपहर अम्बेडकर नगर स्थित देवी मंदिर परिसर से भगवान गणेश की विसर्जन शोभायात्रा गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई। इससे पूर्व मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-यज्ञ किया गया और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन हुआ।


शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा और श्रद्धालु झूमते-थिरकते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।


विसर्जन यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने भगवान गणेश के दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा के कारण नगर का वातावरण पूरी तरह गणेशमय नजर आया।


शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान गणेश और राम दरबार की झांकी रही। आकर्षक रूप से सजाई गई झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे और प्रमुख चौराहों पर मौजूद रहे।

विसर्जन यात्रा लालकुआं से होते हुए काठगोदाम के रानीबाग पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश की प्रतिमा को नदी में विसर्जित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक होकर अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना की।



शोभायात्रा में नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन पवन चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरेन्द्र बोरा, भुवन पांडे, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, नामित सभासद विनोद वास्तव और वरिष्ठ पत्रकार रंजीत बोरा सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

इसके अलावा युवा जागरण कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कुमार, गौरव गुप्ता, विनोद अग्रवाल, ममता चौहान, जफर अंसारी, मजाहिर खान, नवीन मेर, आशु अग्रवाल, अमित कुमार शंकर, रिंकू सिंह, सुनील वर्मा, अनिल कुमार और पिंकू चंद्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद दिखाई दिया। कोतवाल बृजमोहन राणा के नेतृत्व में प्रमुख स्थानों और शोभायात्रा मार्ग पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न होने के साथ पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन हुआ।

