बनलेख के पास खाई में गिरी टैक्सी, एक की मौत, तीन घायल

बनलेख के पास खाई में गिरी टैक्सी, एक की मौत, तीन घायल

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनलेख के पास बुधवार को एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय चंपावत में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के चकरपुर से पिथौरागढ़ के बास जा रही स्विफ्ट कार संख्या यूके03 टीए 5045 बनलेख के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने झाड़ियों को काटकर आने-जाने लायक रास्ता तैयार किया, जिससे घायलों को निकालने में काफी मदद मिली।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी चंपावत विपिन पंत के नेतृत्व में पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल चंपावत भेजा।

हादसे में नरेंद्र राम पुत्र हेमराम, निवासी ग्राम बास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हरिराम, रोहित कुमार और वाहन चालक जमन राम घायल हुए हैं। घायलों में हरिराम की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली। पुलिस द्वारा हादसे की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली तथा घायलों के उपचार को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंपावत को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में जिस तरह सहयोग किया, उसकी भी सराहना की जा रही है। दुर्घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।