स्थान : थराली
ब्यूरो रिपोर्ट


पंती गधेरे में चल रहे कथित अवैध खनन की शिकायत पर मंगलवार को तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। ब्लॉक प्रमुख नारायणबगड़ गणेश चंदोला की शिकायत पर तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और एक जेसीबी तथा एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया।


तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खनन कार्य में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।


इसके अलावा विनायक स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री लेकर आ रहे एक अन्य डंपर की भी जांच की गई। डंपर में रवन्ने में दर्ज मात्रा से अधिक खनन सामग्री पाए जाने पर उसके खिलाफ ओवरलोडिंग के तहत चालानी कार्रवाई की गई।


ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने इस मामले में उपजिलाधिकारी थराली को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने पंती गधेरे में अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि विनायक में स्थापित विनायक स्टोन क्रेशर से जुड़े भारी भरकम डंपरों की लगातार आवाजाही और कथित अवैध खनन के कारण पंती-हंसकोटी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति खराब होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



गणेश चंदोला ने सड़क की कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल पर भी निगरानी नहीं रखने का आरोप लगाया। उन्होंने पंती-हंसकोटी सड़क की स्थिति को देखते हुए ब्रिडकुल और स्टोन क्रेशर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



वहीं, अवैध खनन को लेकर तहसीलदार नारायणबगड़ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख की शिकायत प्राप्त होने के बाद टीम ने मौके पर कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को सीज किया गया है, जबकि ओवरलोड पाए गए डंपर के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
तहसीलदार ने बताया कि चालानी कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर उपजिलाधिकारी थराली को भेज दी गई है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।


