एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं पर निगरानी, पांच सदस्यीय समिति बनेगी

एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं पर निगरानी, पांच सदस्यीय समिति बनेगी

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में बच्चों को मिलने वाले भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बाद राणा थारू परिषद ने मामले को गंभीरता से लिया है। मंगलवार को खटीमा विकास भवन में परिषद की बैठक हुई, जिसमें विद्यालय की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि समिति में शामिल सदस्यों के नाम समाज कल्याण विभाग, ऊधम सिंह नगर को भेजे जाएंगे। परिषद ने सरकार और समाज कल्याण विभाग से समिति को विद्यालय का औचक निरीक्षण करने की अनुमति देने की मांग की है, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की नियमित निगरानी की जा सके।

परिषद की मांग है कि अनुमति मिलने के बाद निगरानी समिति एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय सहित संबंधित आवासीय विद्यालयों का सप्ताह में कम से कम एक दिन निरीक्षण करे। समिति को बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण करने का अधिकार दिए जाने की भी मांग की गई है।

परिषद का कहना है कि औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों को मिलने वाले भोजन, पेयजल, बिजली, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।

दरअसल, खटीमा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता, पानी, बिजली, शिक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में नाराजगी सामने आई थी। इसी के बाद राणा थारू परिषद ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने का निर्णय लिया है।

परिषद अध्यक्ष दान सिंह राणा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार से सवाल करते हुए बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं परिषद की विधिक सलाहकार पूनम राणा एडवोकेट ने कहा कि यदि जांच के दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

परिषद के प्रवक्ता बयान सिंह राणा ने बताया कि प्रशासन की ओर से विद्यालय में 20 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाए जाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुविधाओं को लेकर परिषद आगे भी लगातार निगरानी रखेगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के सामने समस्याएं उठाई जाएंगी।

वहीं नानकमत्ता विधायक एवं राणा थारू परिषद के संरक्षक गोपाल सिंह राणा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस और थारू समाज की ओर से आंदोलन किया जाएगा।