स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


शहर की भीड़भाड़ और शोर-शराबे से दूर सॉन्ग नदी और खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसा मालदेवता क्षेत्र लंबे समय से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के चलते बड़ी संख्या में लोग यहां परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने पहुंचते हैं।


हालांकि, पिछले कुछ समय से मालदेवता क्षेत्र में पर्यटकों के साथ हुड़दंगियों की मौजूदगी भी बढ़ती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस क्षेत्र की शाम कभी परिवारों के लिए सुकून और मनोरंजन का माध्यम हुआ करती थी, वहां अब सड़क किनारे होने वाली गतिविधियों से माहौल प्रभावित होने लगा है।



स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क किनारे कई फूड वैन संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि इनमें से कुछ फूड वैन बिना आवश्यक अनुमति के संचालित किए जा रहे हैं। इन फूड वैन के आसपास देर शाम तक लोगों की भीड़ जमा रहती है, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति पैदा होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।


क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर किशोर और युवा खुलेआम शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते दिखाई देते हैं। इससे न केवल मालदेवता का माहौल प्रभावित हो रहा है, बल्कि परिवार के साथ घूमने आने वाले पर्यटकों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में हुड़दंग करने वाले लोगों के कारण सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों के लिए भी परेशानी खड़ी हो रही है। सड़क किनारे भीड़ और वाहनों के अनियंत्रित तरीके से खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना रहता है।


सबसे बड़ा सवाल सड़क किनारे संचालित हो रहे कथित अवैध फूड वैन को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि इन फूड वैन के पास आवश्यक अनुमति नहीं है तो आखिर इन्हें संचालित होने की अनुमति कैसे मिल रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से इनकी वैधता और जरूरी लाइसेंस की जांच की मांग की है।



मालदेवता क्षेत्र में बढ़ती इन गतिविधियों को लेकर नगर पंचायत और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि खुलेआम नशे का सेवन, हुड़दंग और बिना अनुमति फूड वैन का संचालन हो रहा है तो जिम्मेदार विभागों की ओर से समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मालदेवता में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, सड़क किनारे संचालित फूड वैन की जांच करने और नशे का सेवन कर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मालदेवता की प्राकृतिक और शांत पहचान को बनाए रखने के लिए प्रशासन को समय रहते प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि पर्यटक परिवार के साथ सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में यहां पहुंच सकें।

