गणेश जोशी के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, इस्तीफे की मांग

गणेश जोशी के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, इस्तीफे की मांग

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी में कांग्रेस ने एक निजी सभागार में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आय से अधिक संपत्ति के मामले को एक बार फिर राजनीतिक मुद्दा बना दिया। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि जब तक मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक मंत्री को नैतिक आधार पर मंत्रिमंडल से बाहर किया जाए या उनसे इस्तीफा लिया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी मंत्री के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर जांच चल रही हो तो संवैधानिक और राजनीतिक नैतिकता के आधार पर उन्हें जांच पूरी होने तक पद से अलग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में स्पष्ट और पारदर्शी रुख अपनाते हुए जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस ने मसूरी की 144 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को लेकर भी सरकार और संबंधित विभाग पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि योजना पर बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद क्षेत्र में आए दिन पेयजल पाइपलाइन फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस ने इसे योजना की गुणवत्ता और क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल बताया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की ओर से उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।

अमित गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि जनता के सामने मामले की निष्पक्ष जांच और सरकार का स्पष्ट रुख आना चाहिए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में आज भी जनता पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।

उपेंद्र थापली ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल में मसूरी की जनता को छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के दावों के बावजूद कई स्थानों पर जमीनी स्थिति अलग है और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आय से अधिक संपत्ति के मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जांच पूरी होने तक मंत्री को पद से अलग करने की मांग दोहराई। साथ ही 144 करोड़ रुपये की पेयजल योजना के कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।