SIR अभियान को लेकर कुमाऊं आयुक्त ने बूथों का किया निरीक्षण

SIR अभियान को लेकर कुमाऊं आयुक्त ने बूथों का किया निरीक्षण

स्थान : रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न SIR बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज में बनाए गए बूथों पर पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथों पर चल रहे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य, दस्तावेजों के सत्यापन और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आयुक्त दीपक रावत ने स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें नोटिस की तामील और उसकी रसीद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समय से पूरी की जाए। साथ ही निर्धारित तिथि पर संबंधित मतदाताओं की सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि SIR के दौरान सामने आ रही अधिकांश त्रुटियां मतदाताओं के नाम से संबंधित हैं। ऐसे मतदाता निर्धारित तिथि पर संबंधित बूथ पर पहुंचकर हाईस्कूल प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र समेत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने नाम से जुड़ी त्रुटियों का निस्तारण करा सकते हैं।

आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है, उन्हें भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। वहीं जिन पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ बूथ पर पहुंचकर अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं की ओर से सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि SIR अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाना है, इसलिए प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

कुमाऊं आयुक्त ने आम जनता से अपील की कि SIR अभियान को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि पात्र और वास्तविक मतदाता का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा अधिकार रहेगा।

उन्होंने अधिकारियों से अभियान के दौरान निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयुक्त ने कहा कि SIR अभियान के प्रत्येक चरण की प्रभावी निगरानी करते हुए पात्र मतदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।