ब्यूरो रिपोर्टर

झारखंड की राजधानी रांची में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थियों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। विधानसभा घेराव के लिए मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद कई प्रदर्शनकारी मौके पर डटे रहे।


प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को पार करने का भी प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारी कई बैरिकेड पार कर आगे बढ़ गए। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मौके पर लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



इस आंदोलन में नौ दिन से अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी शामिल हुए। महतो ने दावा किया कि वह कंटीले तारों की बाड़ और बैरिकेडिंग पार कर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वह भूख हड़ताल पर होने के बावजूद अभ्यर्थियों के आंदोलन में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।

देवेंद्र नाथ महतो ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह एंबुलेंस से प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे और स्ट्रेचर के सहारे आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की मांगों को सरकार को मानना होगा और जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विद्यार्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी विशेष रूप से जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर सरकार और अभ्यर्थियों के बीच गतिरोध बना हुआ है।


वहीं, सरकार का कहना है कि उसने छात्रों की करीब 98 प्रतिशत मांगें मान ली हैं। हालांकि प्रदर्शनकारी सरकार के इस दावे से सहमत नहीं हैं। छात्रों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों पर अभी तक संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके चलते आंदोलन जारी रखना पड़ रहा है।


इससे पहले रविवार को रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार और आंदोलनकारियों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई। बैठक में 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने और मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित करने की मांग पर सहमति बनी।
बातचीत के बावजूद सोमवार को अभ्यर्थियों ने विधानसभा मार्च का ऐलान किया और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। पुलिस की ओर से वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। राजधानी रांची में फिलहाल आंदोलन और पुलिस कार्रवाई के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

