स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्टर


उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से इस वक्त की अहम खबर सामने आई है। राजधानी देहरादून से एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री विनय कुमार रुहेला ने जसपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।


मंत्री के दौरे के दौरान आयोजित बैठकों में इस बार सबसे प्रमुख मुद्दा शराब की बिक्री और स्मैक के बढ़ते नशे का रहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में शराब बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही स्मैक जैसे घातक नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि नशे के बढ़ते प्रचलन से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।



जसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शिवराजपुर पट्टी में आयोजित पहली बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। बैठक में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी चिंता जाहिर की।


इसके बाद मंत्री विनय कुमार रुहेला श्यामनगर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने जलभराव, अतिक्रमण और बिजली कटौती जैसी समस्याएं उनके सामने रखीं। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही अतिक्रमण और बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर भी समाधान की मांग की गई।

श्यामनगर के बाद मंत्री ध्याननगर पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने पेंशन बनवाने और कूड़ा निस्तारण के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं होने की समस्या रखी। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में कूड़ा डालने के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं पात्र लोगों की पेंशन संबंधी समस्याओं का भी जल्द समाधान कराने की मांग की गई।



ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र की अन्य स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।



मीडिया से बातचीत में आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री विनय कुमार रुहेला ने बताया कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान ग्रामीणों की ओर से कई समस्याएं उनके सामने रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और इन मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री के दौरे के दौरान ग्रामीणों की ओर से शराब और स्मैक के खिलाफ उठाई गई मांग ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग ग्रामीणों की मांग पर कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं। वहीं ग्रामीणों को उम्मीद है कि मंत्री के निर्देश के बाद जलभराव, बिजली, अतिक्रमण, पेंशन और कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा।

