स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में आगामी चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में देहरादून में गढ़वाल संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठन पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया।


बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा। इस दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और आम जनता के साथ लगातार सीधा संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।


सीएम धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाने तथा लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी बैठक में संगठन की एकजुटता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इसके लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जरूरत है।


बैठक में बूथ मैनेजमेंट, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों का फीडबैक भी लिया गया, ताकि जमीनी स्थिति के आधार पर चुनावी तैयारियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।


भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनावी तैयारियों को केवल चुनाव के समय तक सीमित न रखते हुए लगातार जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक के जरिए भाजपा ने आगामी चुनावों से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से एकजुट होकर काम करने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। पार्टी का लक्ष्य मजबूत संगठन के दम पर आगामी चुनाव में फिर से बहुमत हासिल करना है।

