स्थान : ज्योतिर्मठ (चमोली)
ब्यूरो रिपोर्ट

भगवान भोलेनाथ को समर्पित पवित्र श्रावण मास के दौरान चारधाम क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन सैकड़ों शिवभक्त दोपहिया वाहनों से पवित्र गंगाजल लेने के लिए बद्रीनाथ धाम, कल्पेश्वर, तुंगनाथ, रुद्रनाथ, मद्महेश्वर तथा केदारनाथ धाम के प्रवेश मार्गों पर पहुंच रहे हैं। बढ़ती आवाजाही के कारण शुक्रवार को ज्योतिर्मठ में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल पंप जीरो बैंड के समीप भीषण ट्रैफिक जाम लग गया।


करीब चार घंटे तक चले इस जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ियों के दोपहिया वाहनों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी, जिन्हें स्कूल से घर पहुंचने के लिए घंटों तक वाहनों में इंतजार करना पड़ा।


स्थानीय लोगों के अनुसार, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी जारी है। निर्माण कार्य और कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते मार्ग पर लगातार यातायात का दबाव बना हुआ है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।


जाम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना ज्योतिर्मठ पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हुआ। पुलिसकर्मियों ने लगातार मोर्चा संभालते हुए वाहनों की आवाजाही सामान्य करने का प्रयास किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका।

जाम में फंसे स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उन्होंने इससे पहले ज्योतिर्मठ में इतना लंबा और बड़ा ट्रैफिक जाम कभी नहीं देखा। उन्होंने प्रशासन से श्रावण मास और यात्रा सीजन के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन तथा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



