

स्थान : थराली (चमोली)
ब्यूरो रिपोर्ट


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक डॉ. जीतराम के नेतृत्व में शनिवार को उपजिलाधिकारी यशवीर रावत से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और मांगों के शीघ्र समाधान की अपील की।


ज्ञापन में आपदा के एक वर्ष बाद भी क्षेत्र में सुरक्षा दीवारों और क्षतिग्रस्त मोटरमार्गों का पुनर्निर्माण न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही अवैध खनन और तेज रफ्तार ओवरलोड डंपरों के कारण थराली मोटरपुल को हो रहे नुकसान पर भी चिंता व्यक्त की गई।



कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आपदा प्रभावितों को मुआवजा वितरण में अनियमितताएं बरती गई हैं और वास्तविक प्रभावित लोग अब भी राहत से वंचित हैं। पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने सरकार पर प्रभावितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुआवजा वितरण में मनमानी की गई है।


उन्होंने यह भी कहा कि थराली-देवाल मोटरमार्ग को जोड़ने वाला एकमात्र मोटरपुल ओवरलोड वाहनों के कारण खतरे में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और एक वैकल्पिक पुल के निर्माण की मांग भी की।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।


